कमालगंज। क्षेत्र पंचायत कार्यालय में प्रधानों व पुलिस के चौकीदारों की शनिवार को आयोजित की गई बैठक में एसडीएम व सीओ ने कहा कि कोरोना के प्रति ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता की अधिक जरूरत है। प्रधान पद का चुनाव होने वाला है। वोट न मिलने के डर से बाहर से आने वाले व्यक्ति की सूचना प्रधान किसी भी हालत में न छिपाएं। निर्देश दिए कि सिर पर साफा और हाथ में डंडा लेकर चौकीदार भी गांव की गलियों में घूमकर लॉकडाउन का पालन कराएं।
बैठक में एसडीएम सदर अनिल कुमार ने कहा कि जिले के लोगों की सतर्कता से कोरोना के प्रकोप से जिला बचा हुआ है। यह स्थिति बनाए रखने को बाहर से आने वालों की सूचना प्रधान और चौकीदार तुरंत दें। हर गांव में सोडियम हाइपोक्लोराइड से छिड़काव कराया जाए। सीओ राजवीर सिंह ने चौकीदारों से लाकडाउन का सख्ती से पालन कराने को कहा।
गांवों में लोगों को झुंड में इकट्ठा न होने दें। बेहटा के प्रधान ने गांवों की दुकानों का समय तय करने, निनौरा के प्रधान दिलशाद खां ने आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करने की मांग की। नगरिया देवधरापुर के लखमीचंद्र ने कहा कि गांव में रोजाना शराब उतरती है।
इस पर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने कहा कि वह गांव में चार बार छापा मार चुके हैं, लेकिन प्रधान मौके पर नहीं आए। इंस्पेक्टर ने प्रधान को आड़े हाथ लिया तो प्रधान संघ महामंत्री अनूप कटियार ने विरोध किया। टाडाबहरामपुर के सुधीर शुक्ला ने महिला लेखपाल की शिकायत की।
बीडीओ राजेश बघेल ने कहा कि प्रधान बराबर सजग रहें। प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रदीप राठौर, जिला प्रभारी लल्लन अग्निहोत्री, अखिलेश कुमारी, तारिक जंग, विजय दीक्षित ने भी समस्या रखी। एडीओ निरंजन त्रिवेदी रहे।
कितना भी समझाओ नहीं मानते गांव के लोग
कमालगंज। बैठक में क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह ने बैठक में मौजूद जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम जादौन से पूछा कि जरारी-भड़ौसा के क्या हाल हैं। इस पर थानाध्यक्ष ने कहा कि कितना भी समझाओ गांव वाले नहीं मानते।