फतेहगढ़ स्थित शेल्टर होम में बस से उतारे जा रहे कोटा से आए छात्र और छात्राएं।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। लॉकडाउन के चलते सभी स्कूल कालेज बंद हैं। इसी क्रम में राजस्थान प्रांत के जनपद कोटा में पढ़ रहे जिले के 23 छात्र-छात्राओं को शनिवार शाम यहां भेजा गया। उन्हें फतेहगढ़ के शेल्टर होम में क्वारंटीन कर दिया गया है। उनकी जांच के लिए लखनऊ से रैपिड टेस्ट किट मंगाई गई है।
कोटा के कालेज में पढ़ रहे 28 छात्र-छात्राओं को जनपद में भेजे जाने की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई। शाम करीब 6 बजे झांसी डिपो की रोडवेज बस 23 छात्र-छात्राओं को लेकर फतेहगढ़ पहुंची। इनको शेल्टर होम में क्वारंटीन कर दिया गया है। ये सभी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि अभी 23 छात्र-छात्राएं बस से पहुंचे हैं। इनमें 16 छात्र व सात छात्राएं हैं। पांच छात्र-छात्राएं अभी और आने हैं। सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है। जांच के लिए लखनऊ से रैपिड टेस्ट किट मंगाई गई है।