सड़क का निरीक्षण करते सीडीओ एनपी पांडेय।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य विकास अधिकारी एनपी पांडेय ने क्षेत्र के लोहिया गांव उगरापुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्हें कई खामियां मिलीं।
मंगलवार को उगरापुर पहुंचे सीडीओ को ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में कल्लू के घर से गांव निनौरा के लिए जाने वाली सड़क अधूरी पड़ी है। सीडीओ ने ग्रामीणों से पूछा कि शौचालय का पैसा बैंक से निकलवाने कौन गया था तो ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान पति रवि और सचिव बृजेश यादव गए थे। इस पर सीडीओ ने प्रधान पति और ग्राम पंचायत सचिव की जमकर फटकार लगाई।
इंदिरा आवास के लाभार्थियों से कॉलोनी के बारे में पूछने पर बताया कि अभी कॉलोनी पर लेंटर नही पड़ा है। इस पर बीडीओ शिवप्रकाश ने बताया कि दूसरी किस्त आने पर लेंटर पड़ जाएगा। मुख्य मार्ग पर खराब पड़े हैंडपंप को देखकर जल निगम के जेई को फटकार लगाई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक से पूछा कि वह कौन सा बिषय पढ़ाते हैं तो उन्होंने बताया कि अंग्रेजी।
सीडीओ के प्रजेंट टेंस के प्रकार पूछने पर वह बगले झांकने लगे। इसके बाद सीडीओ ने दो ट्रांसलेशन पूछे इसे वह नही बता पाए। इसके बाद शिक्षिका रेखा दुबे से राष्ट्रीय गान पूरा होने का समय पूंछा तो उन्होंने बताया 52 मिनट लेकिन शिक्षिका राष्ट्रीय गीत नही सुना सकीं। सीडीओ ने खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार को निर्देश दिए कि वह शिक्षकों को बताए कि पहले पढ़े और बाद में बच्चों को पढ़ाएं।
ग्राम पंचायत सचिव बृजेश कु मार समाजवादी पेंशन और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का कोई रिकॉर्ड नही दिखा सके। इस पर नराजगी जताते हुए रिकार्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीडीओ शिवप्रकाश, एडीओ हरिश्चंद्र बाथम आदि मौजूद रहे।