फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने गत माह से गायब वाहन चालक को निलंबित करने के निर्देश दिए। गंदगी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। एक वर्ष से प्रस्तावित आशाओं का प्रशिक्षण न कराने पर सीएमओ को जांच के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह सुबह सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर देखा। सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि वाहन चालक रामनिवास विगत माह से अनुपस्थित हैं। जिलाधिकारी ने तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी कोल्डचेन को ग्रेड-ए में परिवर्तित किया जाए। शौचालय व कार्यालय की दीवारें गंदी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की सीएचसी, पीएचसी व जिला अस्पताल में गंदगी नहीं मिलनी चाहिए।
इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि करीब एक वर्ष पूर्व 145 आशाओं का प्रस्ताव हो चुका है। उनका प्रशिक्षण न हो पाने से आशाओं को क्षेत्र में नहीं भेजा जा सका। इस पर डीएम ने सीएमओ को पूरे मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही 15 दिन में आशाओं का प्रशिक्षण कराकर क्षेत्र में भेजने के दिए निर्देश।
इसके बाद उन्होंने एल-2 अस्पताल में चल रहे काम का जायजा लिया। पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण कर रजिस्टर देखा। वहां छह डीप फ्रीजर में से दो खराब मिले। दरवाजा व खिड़की भी टूटी थी। जिलाधिकारी ने व्यवस्था शीघ्र ही ठीक कराने को कहा।