फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल परिसर स्थित सरकारी आवासों में नियम विरुद्ध रहने वाले कर्मचारियों से आवास खाली कराए जाएंगे। इस संबंध में सीएमओ ने चिकित्साधीक्षकों को पत्र जारी कर 21 कर्मचारियों से बकाया बिजली बिल जमा कराने व आवास खाली करने को नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने जिला क्षय रोग अधिकारी, अधीक्षक व सीएचसी प्रभारियों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा कि डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल परिसर स्थित आवास में नियम विरुद्ध तरीके से अन्य अस्पतालों के कर्मचारी रह रहे हैं। कई कर्मचारी तो ऐसे हैं जिनके नाम तो आवास आवंटित ही नहीं है।
ऐसे कर्मचारियों से नोटिस देकर बिजली बिल जमा कराते हुए लोहिया सीएमएस के सीएमएस से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेकर एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नियम विरुद्ध रहने वाले कर्मचारियों में जबर सिंह, गरिमा सचान, लक्ष्मी दुबे, अपर्णा यादव, श्याम बहादुर, धर्मेंद्र सिंह, मनीष दीक्षित, अखिलेश कुमार, शिखा कटियार, उमेश दयाल, सुमन सिंह, वीरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, पवन कुमार बाथम, शंभू दयाल, अनिल कुमार, नितिन पोरवाल, अखिलेश कुमार, मिथलेश कौर, शैवा पाथरे, अमरेश प्रताप शामिल हैं।