कामयगंज। लोहिया गांव हमीरपुर लालबाग की समीक्षा के दौरान डीएम के स्कूली बच्चों के खेतों में काम करने की जानकारी मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ग्रामीणों को बच्चों से काम लेेने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। बच्चों के बढे़ नाखून और गंदे हाथ देख अध्यापक को आड़े हाथों लिया। सीएचसी के शौचालयों की सफाई के निर्देश डाक्टर को दिए।
जिलाधिकारी एसके सिंह ने एसपी राजेश कृष्ण के साथ लोहिया गांव हमीरपुर लालबाग में विकास कार्यों की समीक्षा की। प्राथमिक विद्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक से पहले उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 17 बच्चों के उपस्थित मिलने पर उन्होंने अध्यापक से जवाब-तलब किया।
अध्यापक ने बताया कि इन दिनों लोग बच्चों से खेतों में तंबाकू लगवाते हैं। इससे बच्चे स्कूल नहीं आते हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम कराना दंडनीय अपराध है। उन्होेंने बच्चों से काम कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी। गांव के हाजी सुज्जन को इस पर निगाह रखने और लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने बच्चों की उंगलियों के बढे़ नाखून और गंदे हाथ देखकर अध्यापक को भी आड़े हाथों लिया। इस दौरान लोगों ने राशन वितरण की भी शिकायत की। इससे पहले उन्होंने सीएचसी जाकर वहां के शौचालयों की साफ सफाई के निर्देश डा. आलोक को दिए। कई मरीजों ने डीएम से सीएचसी में सर्जन की तैनाती की मांग की। इस पर सीएमओ राकेश कुमार ने बताया कि पूरे जिले में डाक्टरों की कमी है।
फिर भी डाक्टर की उपलब्धता होने पर प्राथमिकता के तौर पर सीएचसी में डाक्टर की तैनाती करेंगे। इस दौरान डीडीओ, बीडीओ विमला देवी, एसडीएम अजीत कुमार सिंह, सीओ प्रकाश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार पटेल, पूर्व प्रधान शब्बीर अली, नवनिर्वाचित प्रधान पति शीलू खां आदि मौजूद रहे।