फर्रुखाबाद। जनरल टिकट पर रिजर्वेशन बोगी में सफर करना सरकारी कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। मंगलवार को गोरखपुर से आई रेलवे विभाग की टीम ने कानपुर से आने और जाने वाली ट्रेनों में छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में कन्नौज जाने वाले सरकारी कर्मचारी, व्यापारी समेत 85 यात्रियों को टीम ने पकड़ लिया। इनको रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। इनमें 4 लोगों के जुर्माना न देने पर जेल भेजा गया जबकि 81 लोगों से 52,865 रुपये जुर्माना वसूला गया।
गोखरपुर के उपमुख्य वाणिज्य प्रबंधक भोपाल सिंह व्रजवाल की छह सदस्यीय टीम ने मंगलवार की सुबह जिले में डेरा डाल लिया। यहां पर टीम ने कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के अलावा दिल्ली से आने वाली कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन समेत कई ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया। बताया गया कि इस टीम को शिकायतें मिली थी कि टीटी स्लीपर में बैठे यात्रियों की चेकिंग नहीं करते है। इसके साथ ही इस ट्रेन में बगैर टिकट लोग भी काफी संख्या में यात्रा करते है।
इसी सूचना पर टीम ने छापेमारी की। पकड़े गए लोगों में कई एमएसटी वाले कई सरकारी कर्मचारी, जनरल टिकट लेकर स्लीपर में यात्रा करने वालों के साथ ही बगैर टिकट यात्रा करने वालों को टीम ने पकड़ लिया। सरकारी कर्मचारी कन्नौज जिले में कार्यरत है। टीम के सदस्यों ने बताया कि छापेमारी अभियान में 85 लोगों को पकड़ा गया। सूत्रों ने बताया कि इस छापेमारी में पुलिस कर्मी भी पकड़े गए। जिन्हें जीआरपी ने छुड़वा दिया।