फर्रुखाबाद। शासकीय धन के गबन व दुरुपयोग के मामले में जिला क्रीड़ाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच उप निदेशक खेल को देते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
आइजीआरएस के माध्यम से जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव की शिकायत की गई थी। उन पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए गए थे। करीब एक माह पहले खेल निदेशालय के अधिकारियों ने स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम आकर मामले की जांच भी की थी। जांच के दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी के खिलाफ हुई शिकायत सही पाई गई। जांच टीम के वापस जाते ही जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव अवकाश पर चले गए थे। खेल निदेशालय ने प्रारंभिक जांच में जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव को प्रथम दृष्टया शासकीय धन का गबन व दुरुपयोग करने का दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया है। निदेशक खेल डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि जिला क्रीड़ाधिकारी फर्रुखाबाद कर्मवीर सिंह यादव को गबन के आरोप में निलंबित किया गया है। मामले की जांच उप निदेशक खेल मुद्रिका पाठक को देते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। जिला क्रीड़ाधिकारी को निलंबन अवधि में क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ संबद्ध कर दिया गया है।
-
शिक्षक व कर्मचारी को वेतन दिलाने की मांग
फर्रुखाबाद। आदर्श जाटव समाज सेवा समिति के मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि संस्था खानपुर डॉ.भीमराव अंबेडकर जूनियर हाईस्कूल से संबद्ध प्राइमरी प्रभाग 1976 से संचालित है। इनमें कार्यरत शिक्षक व कर्मचारी के अनुमोदन पत्रावली वेतन के लिए बीएसए को भेजी गई। लेकिन उन्हें वेतन नहीं दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से शिक्षक व कर्मचारी को वेतन दिलाने की मांग की। (संवाद)