सिंचाई बंधु की बैठक में बदइंतजामियाें पर बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष
का पारा चढ़ गया। उन्हाेंने सिल्ट सफाई के रिकार्ड तलब कर लिए हैं। जिला
पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आठ दिन में रिकार्ड न देने पर शासन को डीओ लिख
दिया जाएगा।
सिंचाई बंधु की बैठक माह के दूसरे बुधवार को सिंचाई
विभाग में होती है। इसमें जनप्रतिनिधियाें व इलाकाई किसानाें को बुलाना
होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सिंचाई व
नलकूप विभाग के अधिकारियाें की मौजूदगी जरूरी है। बुधवार को दोनाें
विभागाें के बड़े अधिकारी गैरहाजिर रहे।
आगंतुकाें के बैठने का इंतजाम भी
नहीं था। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी ने गहरी नाराजगी जताई।
उन्हाेंने सिल्ट सफाई, परकोपाइन के बारे में पूछा तो अधिकारी बता ही नहीं
पाए। इस पर सिल्ट सफाई का रिकार्ड तलब कर लिया है। अध्यक्ष ने कहा कि बैठक
में खाना पूरी न की जाए। बैठक होने से 8 दिन पहले एजेंडा सदस्यों को
उपलब्ध करवा दिया जाए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को भी
बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया जाए। यहां जिला पंचायत सदस्याें ने
जनपद में कई नलकूप बंद होने से सिंचाई प्रभावित होने की बात कही। इस पर
जिला पंचायत अध्यक्ष ने सिंचाई खंड के अभियंता से अगली बैठक में पूरी
जानकारी के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने रोस्टर के मुताबिक
नहरों को चलाने, राजकीय नलकूपों का ठीक ढंग से संचालन, सिंचाई शुल्क का
निर्धारण, किसानों द्वारा की गई शिकायतों का निस्तारण जल्द से जल्द किए
जाने के निर्देश दिए। विभाग के सभागार की जर्जर स्थित देखकर उन्होंने इसकी
मरम्मत कर रंगाई पुताई करवाने के लिए कहा। बैठक में राहुल कुशवाह, एके
राठौर, ज्ञानेंद्र सिंह, यूनुस अंसारी, अनस सिद्दकी आदि मौजूद रहे।