नवाबगंज। थाना क्षेत्र के गांव ककिउली में सोमवार को रिश्तेदारों में विवाद के चलते जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराते हुए छह लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की।
कोतवाली मोहम्मदाबाद निवासी शनि सक्सेना गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उसके दो बच्चे लव और खुशी अपनी मां अंजलि के साथ गांव ककिउली स्थित ननिहाल में रह रहे हैं। सोमवार को शनि सक्सेना इलाज के लिए दिल्ली जाने वाला था। उसने अपने पिता शिव कुमार को गांव भेजकर पत्नी से बच्चों को साथ भेजने की बात कही। इसके बाद एक युवक को बाइक से पिता के साथ भेजा।
आरोप है कि जब शिव कुमार गांव पहुंचे तो बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी और बाइक छीन ली। घटना की जानकारी मिलने पर मोहम्मदाबाद से अन्य लोग भी गांव पहुंच गए। दूसरी ओर अंजलि के पिता लालू सक्सेना ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पुत्री को जबरन ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस शिव कुमार, शरीफ खान, सौरभ, मुन्ना, जोशीन और अनूप निवासी गढ़ी मोहम्मदाबाद को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि गांव में हंगामे की सूचना पर कार्रवाई की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।