मोहल्ला रेटगंज में जलभराव की समस्या से गुस्साए मोहल्लेवासियों के प्रदर्शन के बाद नगर पालिका प्रशासन ने गुरुवार को सक्शन मशीन से गंदा पानी निकलवाया। इससे मोहल्लेवासियों को फौरी तौर पर जलभराव की समस्या से निजात मिल गई है।
मंगलवार को मोहल्ला रेटगंज में नाले के गंदे पानी से जलभराव हो गया था। इसके विरोध में बुधवार को मोहल्लेवासियों ने लालदरवाजा पर प्रदर्शन करते हुए पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल और उनके पति मनोज अग्रवाल का पुतला फूंका था। इसके बाद गुरुवार को सफाई निरीक्षक राजबहादुर टीम के साथ सक्शन मशीन लेकर पहुंचे। उन्होंने गंदे पानी को सक्शन मशीन के जरिए बाहर निकलवाया।
इससे मोहल्लेवासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिल गई। हालांकि मोहल्लेवासियों का कहना है कि अस्थायी तौर से गंदा पानी निकलवाकर जलभराव से निजात दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। बरसात में फिर जलभराव होगा। जलभराव की समस्या की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं कराई गई है।