अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। गरीबों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मंशा की हकीकत परखने उतरीं जिलाधिकारी का मंगलवार को जनपद में बेहाल स्वास्थ्य सेवा से सामना हुआ। सीएचसी, पीएचसी की तो बात छोड़िए लोहिया अस्पताल में चार डॉक्टरों की नामौजूदगी व गंदगी का आलम देख उनका धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई और झकझोरा भी। मरीजों से फीडबैक लेकर उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी मोनिका रानी ने मंगलवार सुबह 8.30 बजे लोहिया महिला व पुरुष अस्पताल का मुआयना किया। सबसे पहले वह महिला लोहिया अस्पताल पहुंची। जहां डॉ. पूनम शर्मा व डॉ. श्वेता तिवारी अनुपस्थित मिली। भर्ती मरीजों से मिलने वाले नाश्ता और भोजन के संबंध में पूछताछ की। कुछ मरीज जमीन पर बैठे थे, यह देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और उनको बैड मुहैया कराने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में गंदगी देख उनको भी मुंह पर रूमाल रखना पड़ा। इसके बाद पुरुष लोहिया अस्पताल में पहुंची। यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसपी सिंह और जनरल सर्जन डॉ.गौरव अनुपस्थित मिले। मरीज आशा और नीतू ने उनको बताया कि सीएचसी राजेपुर मेें खून जांच के लिए इंजेक्शन डॉक्टर बाहर से मंगाते है। यह सुनकर डीएम ने सीएमओं को जांच के निर्देश दिए। ओटी और डिलीवरी कक्ष के निरीक्षण में गंदगी मिलने पर नाराजगी जता कर सफाई रखने के निर्देश दिए। डीएम ने अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखने के निर्देश दिए है।
इनसेट
डाटा इंट्री आपरेटर का वेतन रोका, दो मेडिकल स्टोर सीज
मोहम्मदाबाद। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने मंगलवार को विकास खंड कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाटा इंट्री आपरेटर का वेतन रोकने के आदेश दिए। अस्पताल में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जाहिर की। केंद्र प्रभारी ने शिकायत की कि सफाई कर्मचारी आनंद कुमार तीन माह से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। डीएम ने हाजिरी रजिस्टर चेक किया।। बच्चों के जन्म के पंजीकरण करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर गौरव कुमार से जानकारी मांगी तो वह नहीं दे सके। जिलाधिकारी ने डाटा इंट्री आपरेटर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के बाहर स्थित दो मेडिकल स्टोरों की जांच की। उन्होंने मेडिकल स्टोर मालिकों से लाइसेंस दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा सके। जिलाधिकारी ने दोनोें मेडिकल सीज करने के आदेश दिए।