फोटो-23 कायमगंज में अभिषेक के घर से निकलकर सामान रखते टीम के सदस्य। संवाद
कायमगंज। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम द्वारा दो तंबाकू कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और आवासों पर की गई जांच कार्रवाई बुधवार तड़के शुरू होकर देर रात करीब 10 बजे तक चली। करीब 16 घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान कायमगंज और शमसाबाद क्षेत्र के छह ठिकानों पर अभिलेखों, स्टॉक और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की गई।
डीजीजीआई की टीम ने कायमगंज के मोहल्ला पाठक निवासी तंबाकू कारोबारी अभिषेक अग्रवाल, मोहल्ला लोकमन निवासी कारोबारी रचित गुप्ता तथा शमसाबाद क्षेत्र में शंख छाप तंबाकू से जुड़े चार प्रतिष्ठानों और आवासों पर जांच की। अधिकारियों ने जीएसटी रिटर्न, खरीद-बिक्री के अभिलेख, ई-वे बिल, स्टॉक रजिस्टर, कर भुगतान संबंधी दस्तावेज और अन्य व्यावसायिक रिकॉर्ड का परीक्षण किया।
देर शाम टीम अभिषेक अग्रवाल के उलियापुर स्थित गोदाम भी पहुंची। वहां उपलब्ध माल का अभिलेखों से मिलान किया गया। जांच के दौरान कंप्यूटर और अन्य डिजिटल माध्यमों में सुरक्षित कारोबारी डाटा की भी पड़ताल की गई।
कार्रवाई के बाद कारोबारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि अधिकारियों ने स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया है। कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके लिए सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है। दिनभर चली कार्रवाई के चलते तंबाकू कारोबारियों में चर्चा का माहौल बना रहा। हालांकि देर रात तक अधिकारियों की ओर से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। तीन लोगों को साथ ले जाने की चर्चाएं भी रहीं, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को शंख छाप गोदाम में सन्नाटा पसरा रहा, पूरे दिन वहां कोई आते-जाते नहीं दिखा।