फर्रुखाबाद। गणेश चतुर्थी पर भक्तों में गजानन की स्थापना का खासा उत्साह है। शहर के बढ़पुर स्थित बाजार में मूर्ति लेने के लिए पड़ोसी जनपदों के भी भक्त आ रहे हैं। इससे बाजार में देर रात अपनी बारी के इंतजार में भक्तों की भीड़ लगी रही।
पिछले कुछ वर्षों से गणेश मूर्ति स्थापना का क्रेज बढ़ा है। इससे दुकानदार गणेश चतुर्थी पर मूर्ति तैयार करने के लिए एक माह पहले से ही तैयारी शुरू कर देते हैं। गणेश चतुर्थी से दो दिन पहले से गजानन की मूर्तियों की मांग बढ़ जाती है। इससे मूर्ति कारोबारी पहले से ही अपना स्टॉक मजबूत कर लेते हैं। सोमवार को गणेश चतुर्थी पर मूर्ति स्थापना के लिए भक्तों में बड़ा उत्साह दिखा। बढ़पुर स्थित मिशन कंपाउंड के पास मूर्ति बाजार में रविवार को सुबह से ही मूर्ति ले जाने की भक्तों में होड़ लगी रही। यहां 100 रुपये से लेकर 16 हजार रुपये तक मूर्ति उपलब्ध है। खास बात तो यह है कि स्थानीय भक्तों के अलावा कन्नौज से भी मूर्ति लेने के भक्त बाजार में घंटों इंतजार कर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। देर रात तक गणेश प्रतिमा की बिक्री चलती रही।