फर्रुखाबाद। श्री रामलीला मंडल की बेशकीमती जमीन पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर श्री रामलीला मंडल के सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त कर कब्जाधारियों से जमीन मुक्त कराने की मांग की है। बैठक में मंडल की संरक्षक डॉ. रजनी सरीन ने सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा, इस मामले में शासन और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। जल्द ही इस पर कार्रवाई की संभावना है।
रविवार को देर शाम श्री रामलीला मंडल सरस्वती भवन की बैठक डॉ.रजनी सरीन के आवास पर हुई। बैठक में सदस्यों ने बस स्टैंड स्थित श्री रामलीला गड्ढा की जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर सदस्यों ने मांग की कि यदि अतिक्रमणकारियों पर अंकुश न लगाया गया तो सारी जमीन पर कब्जा हो जाएगा।
सदस्यों ने जमीन की पैमाइश कराकर दीवार बनवाने की मांग की। डाॅ. रजनी सरीन ने कहा, जिलाधिकारी व जनपद के प्रभारी मंत्री को भी इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। मंडल की लगभग 32 बीघा जमीन श्रीराम लीला मंडल के नाम दर्ज है, जिस पर लोग उत्तर की ओर से अवैध मकान बनवाकर अतिक्रमण करते जा रहे हैं।
अध्यक्ष लालजी टंडन ने कहा, नगर पालिका की ओर से कमेटी की जमीन पर कूड़ा डलवाना गलत है। पालिका ने बगैर किसी इजाजत कूड़ा डलवाना शुरू किया है। जल्द ही पालिका से इस संबंध में नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। इस मौके पर दीपक सक्सेना, अशोक गर्ग, प्रदीप गुप्ता, कार्तिक चंद्र मिश्र, श्यामबाबू वर्मा, रचित अग्रवाल, नारायण प्रसाद अग्रवाल, धीरेन्द्र, रमन सारस्वत, विवेक मिश्रा, बीके सिंह, शैलेष खंडेलवाल, राकेश सारस्वत, चंद्रधर पांडेय, दिनेश गुप्ता, किशन कन्हैया, भइयन मिश्रा, कोमल पांडेय आदि मौजूद रहे।