अमृतपुर। क्षेत्र के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव सुविधा ठप है। गर्भवती महिलाओं को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एमओआईसी ने पत्र भेजकर स्टॉफ नर्सों की तैनाती किए जाने की मांग की है।
आकांक्षात्मक ब्लॉक राजेपुर क्षेत्र के सभी पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव की सुविधा थी। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते और मनमानी ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल में एक-एक कर चार पीएचसी पर प्रसव सेवा ठप हो चुकी है। पीएचसी सरह में तो महिला डॉक्टर की भी तैनाती है, लेकिन यहां भी प्रसव नहीं कराए जा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए सीएचसी राजेपुर या लोहिया अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है। कई माह से प्रसव सेवा बंद होने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर के प्रभारी डॉ. मानसिंह ने सीएमओ को पत्र भेजा है। अवगत कराया है कि स्टाफ नर्स की कमी से पीएचसी अमृतपुर, सबलपुर, जिठौली व सरह में प्रसव सेवा बंद है। पत्र में यह भी कहा कि स्टाफ नर्स दीपा की मूल तैनाती पीएचसी जिठौली में है। उन्हें पीएचसी अमृतपुर में तैनात करने का आदेश हुआ था, लेकिन जिलाधिकारी के समक्ष प्रकरण पहुंचने के बाद उन्हें दोबारा सीएचसी राजेपुर में कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद स्टाफ नर्स सपना देवी को अमृतपुर भेजने का आदेश हुआ, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। स्टाफ नर्स नीलम कुमारी व सीमा सीएचसी राजेपुर के लेबर रूम में प्रसव संबंधी प्रशिक्षण ले चुकी हैं। वहीं, पीएचसी सरह में तैनात स्टाफ नर्स सविता का प्रसव संबंधी प्रशिक्षण पूरा होने के बावजूद प्रसव नहीं शुरू कराए गए हैं।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सीएमओ से संबंधित स्टाफ की उपस्थिति व कार्यप्रणाली की समीक्षा कराने के साथ ही पूर्व में जारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चारों पीएचसी पर प्रशिक्षित स्टाफ नर्सों की तैनाती होने से बाढ़ प्रभावित गांव की गर्भवती महिलाओं को प्रसव की सुविधा मिल जाएगी। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि जो स्टाफ नर्स काम नहीं कर रही हैं, उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सभी पीएचसी पर स्टाफ नर्सों की तैनाती कर प्रसव सेवा शुरू कराई जाएगी।