फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में मानवता को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। चेहरे पर घाव के बाद 15 दिन पहले लावारिस हालत में भर्ती युवक मृत घोषित होने के सवा घंटे बाद तक फर्श पर ही पड़ा रहा। ड्यूटी स्टॉफ नर्स ने उसे मॉर्चरी पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी। हाथ-पैर अकड़े होने से उसकी मौत शनिवार रात में ही होने की आशंका है। घाव व शरीर में चींटे लगे होना ड्रेसिंग न किया जाना भी दर्शाता है। बहरहाल, ईएमओ की फटकार के बाद ही स्टाफ नर्स ने मॉर्चरी में पहुंचवाया।
मोहम्मदाबाद थाने के मुरहास कन्हैया के सुरेश (40) को 14 अक्तूबर की शाम 4:56 बजे चेहरे पर गंभीर घाव लगने पर एंबुलेंस के ईएमटी अरविंद यादव ने भर्ती कराया था। इसके बाद से उसे लावारिस वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। रविवार सुबह इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉ. अमन कुमार ने 9:06 बजे सुरेश की जांच की, तो उसे मृत घोषित कर दिया।
वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स राखी से शव मॉर्चरी में शिफ्ट कराने के लिए कह दिया। मरीज की फाइल भेजकर पुलिस सूचना बनवाने को भी कहा। इसके बावजूद जिम्मेदार स्टाफ ने न तो शव मॉर्चरी भिजवाया और न ही उसकी फाइल भेजकर पुलिस सूचना बनवाने की जरूरत समझी। सुबह 10 बजे तक ईएमओ इंतजार करते रहे।
जब संवाद न्यूज एजेंसी ने मौके का जायजा लिया, तो सुरेश का शव फर्श पर पड़ा था। उसके हाथ-पैर भी अकड़े हुए थे। शव को चीटों के झुंड नोच रहे थे। ईएमओ डॉ. अमन कुमार वार्ड में पहुंचे और ड्यूटी स्टाफ नर्स को जमकर हड़काया। कहा नौ बजे मृत घोषित कर गए थे, फिर भी कोई काम नहीं किया गया। उन्होंने सीएमएस को व्हाट्सएप पर फोटो सहित सूचना दी। सवा 10 बजे के करीब वार्डबॉय ने शव को मॉर्चरी में रखवाया। पुलिस को भी सूचना भेजी गई।
-मामला गंभीर, कमेटी बनाकर करवाएंगे जांच : सीएमएस
सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि डॉक्टर के मृत घोषित करने के एक घंटे से अधिक समय तक शव जमीन पर पड़ा रहना गंभीर मामला है। वह कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच करवाएंगे। दोषी पर कार्रवाई होगी।