विकास भवन के सामने उखड़ी पड़ी सड़क।
- फोटो : FARRUKHABAD
गहरे गड्ढे और गिट्टी बनी जानलेवा
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित जिला पंचायत गेट के निकट सड़क पर छह माह से पड़ी गिट्टी और सड़क किनारे गहरे गड्ढे जानलेवा बने हुए हैं। बाइक सवारों के लिए हर समय निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। देखने के बाद भी जिम्मेदार नजर फेरकर निकल जाते हैं।
फतेहगढ़ स्थित कचहरी रोड से बरगदिया घाट जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। इसका निर्माण कराने के लिए छह माह पूर्व गिट्टी सड़क पर ही डाल दी गई लेकिन निर्माण शुरू नहीं कराया गया।
हालात यह हैं कि यह गिट्टी अब पूरी सड़क पर फैली है। इससे बाइक सवार कई बार फिसलकर गिरने से चुटहिल हो चुके हैं। वहीं सड़क किनारे नाले की पटिया टूटने से खतरा और बढ़ गया हैं। इनमें किसी के भी गिरने से जान का खतरा बन सकता है।
इसी रोड से सभी आला अधिकारियों का दिन भर आना-जाना रहता है, लेकिन किसी की भी नजर नहीं पड़ती है। हालांकि दिखाई तो सभी को देता है, लेकिन नजर फेरकर निकल जाना उनकी आदत में बन गया है। स्थानीय लोगों के साथ ही इस सड़क से गुजरने वाले बाइक सवारों के लिए गिट्टी और सड़क किनारे के गड्ढे बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। लोगों ने जिम्मेदारों से गड्ढे भरवाने व गिट्टा हटवाने की मांग की है।