संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, हत्या की आशंका
कंपिल। गांव कादरदादपुर सराय में खेत गई महिला बेहोश होकर गिर गई। इलाज के लिए सैफई जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। भाई ने बहन की हत्या की आशंका जता कर तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित किया गया।
थाना क्षेत्र के गांव कादरदादपुर सराय निवासी स्व.रामखिलावन की पत्नी सत्यवती (35) शनिवार दोपहर पुत्र मोनू के साथ खेत गई थी। वहां बेहोश होकर गिर गई। मोनू घर आया और ताऊ पंचराम को लेकर खेत गया। परिजन उसे सीएचसी कायमगंज लेकर गए। वहां से उसे लोहिया रेफर किया गया। यहां भी डाक्टर ने उसको सैफई रेफर कर दिया।
सैफई जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। रविवार को शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर कासगंज के गांव अमरपुर निवासी भाई धर्मेंद्र अन्य परिवार वालों के साथ पहुंचे। भाई ने बहन की जहर देकर हत्या करने की आशंका जता कर पोस्टमार्टम कराने को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया है। सत्यवती के तीन पुत्र है । पति की मौत दो वर्ष पूर्व हो चुकी है। इससे वह खुद खेती कर बच्चों का पालन पोषण करती थी। एसओ देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।