गांव नगला मना में गमगीन बैठे स्नेह लता के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
संकिसा। एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके वाले पहुंचे, तो शव चबूतरे पर मिला। ससुरालीजन फरार हो गए। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत और शरीर पर दो चोटें भी मिली हैं।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला मना निवासी पुष्पेंद्र यादव की पत्नी स्नेहलता (28) की शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नगला चंपत निवासी स्नेहलता की बुआ के पुत्र विनोद ने मायके वालों को सूचना दी। कन्नौज के थाना विशुनगढ़ के गांव हमीरपुर निवासी पिता दुर्विजय, भाई प्रमोद यादव समेत अन्य परिजन बेटी के यहां पहुंचे, तो शव चबूतरे पर मिला। ससुरालीजन फरार थे।
स्नेहलता के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि 2015 में शादी की थी। तभी से दहेज के लिए बहन को परेशान किया जा रहा था। अब उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने पति पुष्पेंद्र, ससुर विनोद यादव, सास, ननद मीनू और बाबा ससुर नन्हे यादव पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। पीठ पर दो चोटों के निशान मिले हैं।