फतेहगढ़ नगर में रविवार को चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों और पुलिस में भिड़ंत हो गई। अंबेडकर तिराहे के पास व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट और सीओ की गाड़ी पर पथराव कर दिया। गुस्साए लोगों ने मौजूद सिपाहियों को जमकर पीटा। इससे पहले पुलिस ने एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की थी। पुलिस ने लाठियां फटक गुस्साई भीड़ और व्यापारियों को खदेड़ दिया। सड़क पर रखी अलमारी और कूलर की टंकी जब्त कर नगर पालिका के हवाले कर दी।
रविवार को फतेहगढ़ कोतवाली से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होते ही दस्ते ने जेसीबी से दुकानों पर पडे़ टिनशेड और नालियों पर डाली गई पटिया तुड़वानी शुरू कर दी। कोतवाली के पास एक दुकान का शटर टूटने पर व्यापारी ने कोतवाल को धक्का मार दिया। यह देख पुलिस व्यापारी को खींचकर कोतवाली ले जाने लगी तभी अन्य व्यापारियों ने कोतवाल और पुलिस कर्मियों को घेर लिया। पूर्व व्यापारी नेता अधिवक्ता प्रदीप शुक्ल उर्फ गौरव से कोतवाल की नोकझोंक होने लगी।
मामला बिगड़ने पर सीओ सिटी लेखराज मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट को बुलाने की मांग की। नगर मजिस्ट्रेट शिवबहादुर के पहुंचते ही व्यापारियों ने उनको घेर विरोध जताने लगे। नगर मजिस्ट्रेट और व्यापारियों से काफी देर चली नोकझोंक के बाद नगर मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को नाली के बाहर सड़क पर दुकान की सामग्री न रखने की हिदायत दी।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि अगर दुकान के बाहर सामान रखा मिला तो एफआईआर दर्ज करा सामग्री जब्त कर ली जाएगी। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी पुलिस बल के साथ अंबेडकर तिराहे पर पहुंचे। यहां व्यापारियों और पुलिस में टकराव हो गया। चाय विक्रेता राजेंद्र का खोखा पुलिस ने तोड़ दिया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। इससे गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस पर धावा बोल पथराव शुरू कर दिया।
नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी की गाड़ी पर पथराव होने से पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों को लाठी चटकाकर खदेड़ा। इसी दौरान गुस्साए व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों को पकड़कर पीट दिया। साथियों को पिटते देख अन्य पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकारनी शुरू की। इससे व्यापारी वहां से भाग गए। पुलिस को जो भी सामान दुकान के बाहर सड़क पर रखा दिखाई दिया उसको जब्त कर नगर पालिका भिजवा दिया। यहां से भोलेपुर हनुमान मंदिर के पास टीम पहुंची।
वहां फिर व्यापारियों की नगर पालिका कर्मचारियों एवं पुलिस से नोकझोंक होने लगी। इस पर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए व्यापारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद सड़क पर रखे खोखे, नाली के ऊपर बनी पटियों और सड़क पर निकले टिनशेड तुड़वा दिया। टीम ने डिवीजन कार्यालय के पास सड़क किनारे रखे खोखों को तुड़वा कर नष्ट कर सामान पालिका भेज दिया।