मोहम्मदाबाद। गांव पट्टी खुर्द निवासी 24 वर्षीय युवक मोहन लाल का शव घर में पड़ा मिला। उसकी गर्दन में रगड़ के निशान थे। पिता ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम में युवक की मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। युवक के शराब पीने की पुष्टि हुई है। युवक ने एक माह पूर्व विधवा से शादी की थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी खुर्द निवासी राम लडैते का पुत्र मोहन लाल (24) पत्नी को मायके छोड़ने जाने के लिए मंगलवार सुबह कपड़े खरीदने गया था। शाम पांच बजे वह लौट कर आया। गेट पर ताला लगा था। वह पत्नी को खोजते हुए खेत पर गया। वहां पत्नी से ताले की चाबी लेकर घर चला गया। एक घंटे बाद पत्नी खेत से घर आई तो मुख्य दरवाजा खुला था।
घर के अंदर कमरे के भी दरवाजे खुले थे। कमरे में अंदर पति जमीन पर पड़े थे। बहू की सूचना पर पिता रामलडैते भी घर आए। पुत्र मोहन लाल को लेकर डॉक्टर के पास गए। डॉक्टर ने मोहन को मृत घोषित कर दिया। दरोगा शैलेंद्र कुमार ने घर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। मोहन लाल की गर्दन पर रगड़ के निशान थे, लेकिन फांसी लगाने संबंधी वहां कोई साक्ष्य नहीं था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता राम लडैते ने बताया कि कायमगंज के विसौला गांव निवासी पातीराम की पुत्री वेदवती की शादी पांच साल पूर्व गांव के छविराम से हुई थी। उसके दो पुत्र हैं। छविराम ने आत्महत्या कर ली थी। वेदवती से पुत्र मोहनलाल का संपर्क हो गया। अगस्त 2020 में पुत्र ने वेदवती से परिजनों की मर्जी से कोर्ट मैरिज कर ली।
15 सितंबर को वेदवती ने मायके जाने की बात कही, पुत्र मायके लेेेे जाने को तैयार हो गया। वह मंगलवार सुबह खरीदारी करने बाजार गया। शाम को घर आया और जब पत्नी घर आई तो शव पड़ा मिला। पुत्र शराब पीता था। दरोगा शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पिता ने सूचना दी थी। जिसके आधार पर पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इस कारण विसरा सुरक्षित किया गया है। शराब पीने की पुष्टि हुई है।