फर्रुखाबाद। अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी में एक अधेड़ का शव बरामद हुआ है। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रख लिया है। उसके पास कोई सामान नहीं मिला। इससे जहरखुरान गिरोह का शिकार होने की आशंका है। एक मोबाइल मिला, वह बंद है। स्लिप पर लिखा मिला एक मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ है।
गोरखपुर से अहमदाबाद जाने वाली 19410 नंबर की साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय शाम 3.03 बजे है। ट्रेन स्टेशन पर 3.20 बजे पहुंची। इसी समय चेकिंग की गई, तो जनरल डिब्बे में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र शाक्य ने जीआरपी को मेमो काटकर दिया। इस पर पहुंचे जीआरपी थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने शव कब्जे में ले लिया। ट्रेन 36 मिनट रुकने के बाद 3.56 बजे रवाना हो गई।
जीआरपी ने शव की तलाशी ली। उसके पास एक स्विच ऑफ मोबाइल बरामद हुआ है। वह पैंट-शर्ट और सफेद-लाल हाफ स्वेटर पहने है। एक अंगोछा भी है। जेब में एक स्लिप पर मोबाइल नंबर लिखा है। थानाध्यक्ष ने उस नंबर पर बात करने की कोशिश की, मगर वह स्विच ऑफ था। कोई भी बैग आदि नगदी नहीं मिलने से आशंका है कि जहरखुरानी गिरोह का शिकार न हो गया हो। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि जहरखुरानी का शिकार नहीं लगता है। बीमारी से मृत्यु हो सकती है। मोबाइल चार्ज करके उसे खोलने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों से बात होने पर ही शिनाख्त हो सकती है।