मेला रामनगारिया देखने के बाद रिश्तेदारी में जाते समय सामने से आ रही डीसीएम की चपेट में आकर दो भाईयों समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। इनमें एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने हुए था।
जिला एटा थाना जैथरा के गांव अमृतपुर निवासी अमित उर्फ करु (24) पुत्र गुलाब सिंह गुरुवार की दोपहर बाइक से अपने छोटे भाई हृदेश सिंह और ममेरे भाई शिवांग के साथ मेला श्रीरामनगारिया देखने के लिए आए थे। रामनगारिया मेला देखने के बाद गुरुवार की रात अमित अपने मामा रामकेश निवासी इमादपुर पमारान थाना राजेपुर के यहां जा रहे थे। इस दौरान अमित के पारिवारिक बाबा नन्हेलाल उर्फ भूरे रास्ते में मिल गए। अमित समेत चारों लोग एक ही बाइक पर बैठकर चल पड़े।
जब यह लोग जमापुर हनुमान मंदिर के पास डीसीएम से बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर भाग गया। घायलों को आननफानन में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से अमित को कानपुर के लिए रेफर कर दिया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
शिवांग और हृदेश को भी सैफई मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। मौत की खबर पाकर मां राजनश्री का बदहवाश हो गई। गुलाब सिंह ने बताया कि उसके छह बेटे में अमित दूसरे नंबर का था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।