फर्रुखाबाद। परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर बहू नकदी, जेवर लेकर घर से फरार हो गई। सुबह होश आने पर घटना की जानकारी हुई। थाने में सुनवाई न होने पर दिव्यांग सास ने जिलाधिकारी व एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
कमालगंज क्षेत्र के गांव मकू नगला निवासी दिव्यांग कांती को उसका भाई गोद लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा। कांती देवी ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि उन्होंने बेटे की शादी 23 नवंबर 2024 को की थी। उनका पुत्र बहू के साथ फिरोजाबाद में किराये के मकान में रहता था। 26 अगस्त की रात आए रिश्तेदारों ने बहू की मिलीभगत से सभी परिजनों को भोजन में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और नकदी, जेवर चोरी करके चले गए। कारीगरों को देने के लिए घर में रखे 50 हजार रुपये भी ले गए।
घटना की जानकारी होने पर गांव में पंचायत डालने पर रिश्तेदारों ने जेवर वापस कर दिए लेकिन 50 हजार रुपये नहीं दिए। कमालगंज थाने में घटना की तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कोई कोई नहीं की। दिव्यांग कांती देवी ने जिलाधिकारी व एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने व 50 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की।