फर्रुखाबाद। बिजली का खंभा लगाने के तुरंत बाद केबल खींचते वक्त एक सीमेंट का खंभा घर के बाहर गली में खेल रहे बच्चे पर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे लोहिया अस्पताल लेकर गए।
मऊदरवाजा थाने के पीछे बहादुरगंज में बिजली विभाग के कर्मचारी नए खंभे लगा रहे हैं। कर्मियों ने दोपहर बाद एक सीमेंट का खंभा लगाया। उसके चारों तरफ सीमेंट लगा दिया। खंभे पर लगे सीमेंट को पकने तक नहीं दिया। शाम के वक्त उस पर केबल खींचने लगे। इसी समय अचानक खंभा टूटकर मोहल्ले के ही इंतखाब खां के मकान के सामने जा गिरा। वहां खेल रहा उनका सात साल का पुत्र रिजा अख्तर चपेट में आ गया। खंभे की चपेट में आने से घायल हुए बालक को देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई।
परिवार के लोग बेहोशी की हालत में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। उसे होश नहीं आया है। हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं हादसे के बाद काम कर रहे लोग घटनास्थल से भाग गए।