फर्रुखाबाद। श्यामनगर में बिजली केबलों से उत्पन्न खतरे और बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ लोगों ने शुक्रवार शाम सातनपुर-आईटीआई मार्ग पर जाम लगा दिया। कई दिनों से जमीन पर पड़े केबलों के बंडल से करंट का खतरा बना हुआ था। बिजली विभाग खंभे व बंच केबल डालने के बदले रुपये की मांग कर रहा था।
श्यामनगर की कई गलियों में बिजली के खंभे या बंच केबल नहीं हैं। करीब 50 मकानों को 200 से 300 मीटर दूरी तक केबलों के सहारे कनेक्शन दिए गए हैं। ये केबल कई दिनों से संकरी गलियों में जमीन पर पड़े थे, जिससे मोहल्ले वालों को करंट लगने का डर सता रहा था। लोगों ने बिजली विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन विभाग ने बिना रुपये दिए खंभे या बंच केबल न डालने की बात कही। इससे आक्रोशित होकर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने मिलकर शुक्रवार शाम सातनपुर-आईटीआई मार्ग पर बल्ली लगाकर जाम लगा दिया।
करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उनकी समस्या सुनी। पुलिस कर्मियों के सहयोग से केबलों को दीवारों के किनारे से बांधा गया। चौकी प्रभारी ने बिजली विभाग से बात कर समस्या समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला।
जाम लगाने वाले छेदालाल, आशाराम, आजाद, धर्मपाल, रामसागर, पूनम, साधना, सुखवासी, रामबेटी, सिया देवी आदि ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो फिर आंदोलन करेंगे।