जन्मदिन पर सजी डांस की महफिल, पालिकाध्यक्ष पर रिपोर्ट
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। एक सप्ताह पूर्व नगरपालिका में जन्मदिवस के मौके पर डांस की महफिल सजाकर कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन करने में पुलिस ने भाजपा के चेयरमैन सुनील चक पर महामारी अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज की है। इस समारोह के वायरल वीडियो को पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने रीट्वीट किया था।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती देख शासन ने धार्मिक स्थल व शादी विवाह व जन्मदिन पर अनुमति लेकर कार्यक्रम करने को कहा है। 12 अप्रैल को पालिका के चेयरमैन सुनील चक का 53वां जन्मदिन था। उन्होंने अपने जन्मदिन पर नगरपालिका परिसर में कार्यक्रम किया। इसमें कासगंज की डांसरों ने ठुमके भी लगाए थे।
कार्यक्रम में काफी लोग दावत में पहुंचे और रंगारंग कार्यक्रम का आनंद लिया। इसका वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो को पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने 14 अप्रैल को रीट्वीट कर दिया। इस पर प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। इस पर चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने मंगलवार को नगरपालिका चेयरमैन सुनील चक के खिलाफ कोरोना महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इंसपेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि कोविड नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई की गई है।
आठ पर महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव मऊ रशीदाबाद निवासी प्रवेश कुमार, गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी प्रभात, गांव कुबेरपुर निवासी अरवाज, जुबैर, फर्रुखाबाद के मोहल्ला गंगा नगर निवासी रिंकी गुप्ता, थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के गांव छौनी नगला निवासी राजपाल, फतेहगढ़ के मोहल्ला कर्नलगंज निवासी नदीम, जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव ससोता निवासी अमित कुमार के खिलाफ पुलिस कोविड नियमों के उल्लंघन में रिपोर्ट दर्ज की है।