बढ़पुर स्थित चर्च में नाटक का रिहर्सल करते बच्चे।
- फोटो : FARRUKHABAD
क्रिसमस को लेकर डांस व नाटक का चर्च में रिहर्सल
फर्रुखाबाद। ईसाई समुदाय के लोग क्रिसमस की तैयारियों में अभी से जुट गए हैं। नाटक व डांस के कार्यक्रमों का रिहर्सल भी शुरू हो गया है। चर्च में 21 दिसंबर से लगातार कार्यक्रम होंगे।
बढ़पुर के सीएनआई चर्च में क्रिसमस को लेकर शनिवार को नाटक का रिहर्सल किया गया। जनमानस को जागरूक करने के लिए कोरोना से बचाव को नाटक में बच्चों ने संदेश दिया कि दो गज की दूरी रखकर बात करें। मास्क जरूर लगाएं। बाहर से जब भी घर आएं तो सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। हाथ मिलाने की जगह नमस्ते कहकर अभिवादन करें। बाहर की चीजों को खाने से परहेज करें। शासन की गाइडलाइन का पालन कर अच्छे नागरिक होने का संदेश दें।
बच्चों ने डांस का भी रिहर्सल किया। क्रिसमस के दिन एक दूसरे को किस अंदाज में बधाई देंगे इसको लेकर बच्चे गुलाब देने व गले मिलने का ढंग भी सीख रहे हैं। डॉरकस अबरार, सुषमालाल, शिल्पा राज, अंकिता एडसन आदि बच्चों को रिहर्सल करवा रहे थे। चर्च के अंदर की देखरेख अमित दयाल व विजय दयाल ने संभाल रखी है। क्रिश्चियन कंपाउंड में लोग अपने घरों की साफ सफाई व पुताई करवा रहे हैं। क्रिसमस के दिन घरों को बिजली की झालरों से सजाकर रोशनी की जाएगी।