दालमोठ की दुकान में रविवार की रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। भीषण आग को
देखकर लोग सहम गए। तीन जिलाें के दमकल कर्मियाें ने पांच घंटे की कड़ी
मशक्कत के बाद सुबह सात बजे आग पर काबू पाया। आग से करीब चार लाख रुपये का
नुकसान बताया गया।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी कमल यादव की शहर के मोहल्ला
बूरावाली गली में दालमोठ की थोक दुकान है। कमल रविवार की रात करीब 11.30
बजे तक दुकान पर दालमोठ बनवाते रहे। रात 12 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए।
रात 2 बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलता देख पड़ोसी राजीव शर्मा और गौरव
गुप्ता ने उन्हें इसकी सूचना दी। इस पर कमल परिजनाें के साथ दुकान पहुंचे।
घटना की सूचना दमकल कर्मियों को दी गई। सूचना के आधा घंटा बाद दमकल की दो
गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इससे पहले बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। दमकल
कर्मियाें ने आग बुझानी शुरू कर दी। कुछ ही देर में फायर टैंकर का पानी
खत्म हो गया। इसके बाद पड़ोसी ओमप्रकाश गुप्ता के यहां जनरेटर चलाकर
सबमर्सिबल पंप से पानी लिया गया। दो दमकल आग पर काबू नहीं कर पा रही थीं।
इससे जिला शाहजहांपुर के जलालाबाद, कन्नौज के छिबरामऊ और मैनपुरी के बेवर
से दमकल को बुलाया गया।
आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग भयभीत हो गए।
यह अपने घरों में आग के पहुंचने से डरे हुए थे। सुबह पांच बजे तक सभी
गाड़ियां आ गई थीं। करीब पांच घंटे बाद सुबह सात बजे आग पर काबू पाया। कमल
यादव ने बताया कि इस अग्निकांड में करीब चार लाख का नुकसान हुआ है। पहली
मंजिल में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। कमल ने बताया कि दुकान में आग
लगने की वजह पता नहीं चल पा रही है।