फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ क्षेत्र में नेकपुर चौरासी स्थित ओवरब्रिज के निकट हाईवे पर शुक्रवार सुबह कंटेनर की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। चालक कंटेनर लेकर भाग गया।
थाना कादरी गेट क्षेत्र के मोहल्ला नारायणपुर निवासी सुभाष उर्फ मल्लू (42) सुबह साइकिल से मजदूरी करने पांचाल घाट स्थित दीनदयाल बाग जा रहे थे। इटावा-बरेली हाईवे पर नेकपुर पुल के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे वह गिर गए और उनके ऊपर से कंटेनर के पहिये निकल गए। मौके पर ही सुभाष की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। सुभाष चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उससे बड़े राजेश, रवीश व छोटे भाई मनोज हैं। सुभाष की पत्नी फूलमती के अलावा चार बेटियां आकांक्षा (20), दुलारी (18), अंशिका (15) व आंशी (4) हैं। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।