अंतर्राष्ट्रीय संस्था द स्माइल ट्रेन के तत्वावधान एवं लायंस क्लब फर्रुखाबाद के सहयोग से जन्मजात बच्चों के कटे होंठ एवं तालू के आपरेशन कानपुर में नि:शुल्क होंगे। यह जानकारी लायंस क्लब के सदस्यों ने दउी। सात अगस्त को लोहाई रोड स्थित नर्सिंग होम में पंजीकरण कैंप लगाया जाएगा।
लोहाई रोड स्थित एक नर्सिंग होम में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रोजेक्ट चेयरमैन डा. जितेंद्र कटियार ने कहा कि लायंस क्लब प्रतिवर्ष जुलाई व अगस्त माह में कैंप लगाकर कटे होंठ व तालू के आपरेशन के लिए बच्चों का पंजीकरण करता है। सात अगस्त को पंजीकृत किए गए बच्चों का मुफ्त आपरेशन न्यू लीलामनी अस्पताल कानपुर में बाहर से आए चिकित्सक करेंगे।
लायन राजन महेश्वरी ने कहा कि कैंप में आपरेशन के लिए चयनित बच्चों को बस से कानपुर ले जाया जाएगा। आपरेशन हो जाने के बाद सभी को वापस उनके घर छोड़ा जाएगा। अस्पताल में रहने, खाने व मरीज को ले जाने व छोड़ने की व्यवस्था मुफ्त होगी।
कहा कि द स्माइल ट्रेन की टीम जिले में करीब एक सप्ताह से रुकी है। टीम ब्लाक बार जाकर ग्रामीणों को इस कैंप की जानकारी दे रही है। इस अवसर पर सौरभ अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, मुदित टंडन, अनिल अग्रवाल और प्रमोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।