केशव नगर कॉलोनी नेकपुर में वाहन की टक्कर से सड़क पर टूटी पड़ी बिजली की लाइन।
- फोटो : केशव नगर कॉलोनी नेकपुर में वाहन की टक्कर से सड़क पर टूटी पड़ी बिजली की लाइन।
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला केशव नगर कॉलोनी नेकपुर चौरासी में एंगल से केबल बंधी हैं। मंगलवार को वाहन में केबल फंसने से एंगल टूट गया, जिससे केबल का झुंड सड़क पर आ गिरा। सूचना के बावजूद बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद नहीं की जिससे सड़क पर 45 मिनट तक करंट दौड़ता रहा। मोहल्ले के लोगों को आने जाने वाले राहगीरों को रोका।
दोपहर करीब 2:50 बजे मोहल्ला केशव नगर कॉलोनी नेकपुर चौरासी से गुजरे एक वाहन में बिजली की केबल उलझ गई। चालक ने वाहन नहीं रोका, इससे केबल का झुंड एंगल समेत टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
मोहल्ले के आदेश अवस्थी, रामसिंह आदि ने बीच सड़क पर बिजली लाइनें टूटी पड़ी देखी तो बिजली विभाग के लाइनमैन रामआसरे को जानकारी देकर आपूर्ति बंद करने को कहा, लेकिन आपूर्ति बंद नहीं की गई। इस पर मोहल्ले के लाेगों ने बीच सड़क पर सीढ़ी रख दी, जिससे वाहन चालक आवागमन न कर सकें। वहीं मोहल्लेवासी मौके पर खड़े होकर राहगीरों को करंट की जानकारी देते रहे। मोहल्लेवासियों ने एक्सईएन शहरी को मामले से अवगत कराया। इस पर करीब 3:30 बजे आपूर्ति बंद की गई।
एक्सईएन शहरी बृजभान सिंह ने बताया कि वाहन की टक्कर से केबल से बंधा एंगल टूट गया, जिससे बिजली लाइनें सड़क पर गिर पड़ीं। जैसे ही उन्हें जानकारी हुई तो उन्होंने जेई रामविनय को सूचना देकर आपूर्ति बंद करा दी थी। लाइन को ठीक करवाकर जल्द ही आपूर्ति चालू करा दी जाएगी।