भरत मिलाप कार्यक्रम के बाद बुधवार रात नगर के गल्ला मंडी चौराहे पर पंडाल में खयाल गोई कार्यक्रम हुआ। इसमें तुर्रा पक्ष व कलगी पक्ष के बीच जवाबी खयाल पेश किए गए इन्हें सुनकर रात भर श्रोता झूमते रहे।
झांसी से आये तुर्रा पक्ष के इशहाक भाई ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम सभी हमको प्यारे हैं, हम अपने सीने में हिंदुस्तान रखते हैं। कार्यक्रम में एसडीएम, सीओ डॉ. विकास शर्मा को सम्मानित किया गया।
बुधवार देर रात गल्ला मंडी चौराहे पर खयाल गोई कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम ने फीता काटकर किया। इसके बाद खयाल शुरू हुए तुर्रा पक्ष के चुन्नू चमचम ने कहा ‘तेरी मेरी यही एक पहचान है, मैं तेरी जान हूं, तू मेरी जान है’।
कलगी पक्ष के संपतलाल ने कहा कि जिंदगी का भरोसा नहीं, तो किसी का भरोसा नहीं। सिर्फ रहती है यह चार दिन, चांदनी का भरोसा नहीं। इसके बाद तुर्रा पक्ष मथुरा से आए वीरेंद्र कश्यप, नवीन शर्मा, कमलेश गुरु, कलगी पक्ष के खुर्जा से आए बाबू शोहरत, प्रेमपाल आगरा, हाथरस से आए अनवर कुरैशी ने एक से बढ़कर एक ख्याल पेश किए, खयाल सुनने को भोर में 4 बजे तक श्रोता डटे रहे।
संचालन गोपाल गुप्ता अटल ने किया। कार्यक्रम में कमेटी के व्यवस्था प्रमुख संजय गुप्ता व गोपाल अटल ने एसडीएम अमित आसेरी, सीओ अवनीश कुमार, भाजपा नेता डॉ. विकास शर्मा व व्यापारी नेता मनोज कौशल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।