फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल की सीटी स्कैन मशीन की गुरुवार को भी फाइवर केबल सही नहीं हो सकी। तीसरे दिन भी मरीजों को बिना सीटी स्कैन कराए ही बैरंग लौटना पड़ा। इससे रोजाना 30 मरीजों को सरकारी सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि देर शाम लखनऊ से आए इंजीनियरों ने मरम्मत शुरू कर दी है।
लोहिया अस्पताल में सीटी स्कैन मरीज कम आय वर्ग के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। हर रोज करीब 30 सीटी स्कैन किए जाते हैं। मंगलवार को मशीन की फाइवर केबल में तकनीकी खराबी आ गई। इससे काम बंद हो गया। दूरदराज से आने वाले मरीजों को लौटाया जाने लगा। सीटी स्कैन यूनिट प्रभारी चंदन ने बताया कि मशीन में खराबी आने के बाद तुरंत ही कंपनी को मेल से अवगत करा दिया गया था। गुरुवार देर शाम इंजीनियर ने पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। सब कुछ ठीकठाक रहा, तो शुक्रवार सुबह मरीजों को सेवा मिलनी शुरू हो जाएगी।