चीनी मिल में गन्ना उतारती क्रेन।
- फोटो : FARRUKHABAD
31 दिसंबर से 40 घंटे बंद रहेगी चीनी मिल में पेराई
कायमगंज। चीनी मिल के बॉयलर का प्रेशर डाउन होने से पेराई बार-बार बंद हो रही है। लगातार चलाने के लिए मिल प्रशासन ने प्लांट की सफाई का फैसला लिया है। मिल प्रशासन ने 40 घंटे के लिए प्लांट बंद करने का नोटिस जारी कर किसानों को सूचित कर दिया है।
इस सत्र मे चीनी मिल शुरू होने के बाद से अब तक प्लांट की सफाई नहीं हुई है। इससे बॉयलर का प्रेशर बार-बार डाउन हो रहा है। करीब एक सप्ताह से पेराई कार्य रुक रुककर हो रहा है। पांच दिन पहले मिल प्रशासन ने सूखे ईंधन का भी इंतजाम किया, लेकिन पेराई सुचारु रूप से नहीं चल सकी। बार-बार पेराई ठप होने से किसानों को कई दिन तक यार्ड में रहकर समय गुजारना पड़ रहा था।
रविवार दोपहर जब प्लांट बंद हुआ तो किसानों का धैर्य जवाब दे गया। 22-24 किसान जीएम से जवाब मांगने के लिए मिल हाउस में घुस गए। वहां सीसीओ ने किसानों को समझाकर बाहर कर दिया था। सोमवार को मिल प्रशासन ने उच्चाधिकारियों को सूचना भेज दी कि 31 दिसंबर से 40 घंटे के लिए प्लांट में इस सत्र का प्रथम सफाई कार्य किया जाएगा। इस दौरान पेराई बंद रहेगी। साथ ही किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए भेजे जाने वाले मैसेज व पर्चियां भी रोक दी गई हैं।