फर्रुखाबाद। श्रीनगर में तैनात सीआरपीएफ के सैनिक की गोली लगने से मौत हो गई। जीप चलाते समय उसकी ही कारबाइन से गोली चली थी। सोमवार देर रात सैनिक साथियों ने पूर्व प्रधान पिता को घटना की जानकारी दी। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूतगंज के पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह यादव का पुत्र सचिन (26) जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के सेक्टर कितार में तैनात था। वह 15 दिसंबर 2017 में जनपद अमेठी की फोर बटालियन में भर्ती हुआ था। सोमवार को वह जीप लेकर ड्यूटी करने जा रहा था। रास्ते में उसी कारबाइन अचानक चल गई और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात नौ बजे उसकी मौत हो गई। उसके साथियों ने पूर्व प्रधान को जानकारी दी। इससे मां मीरा देवी, भाई हंसराज यादव, बहन संगीता, काजल, कोमल रो-रोकर बेहाल हो गए। मंगलवार को पूर्व प्रधान के घर पर रिश्तेदारों व ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। पूर्व प्रधान ने बताया कि सचिन सबसे बड़ा पुत्र था। उसका विवाह नहीं हुआ था। ड्यूटी के लिए जाते समय खुद की कारबाइन चलने से लगी गोली से उसकी मौत हुई है।