भोलेपुर स्थित खंड कार्यालय में बिजली बिल जमा करने को लगी लाइन।
- फोटो : FARRUKHABAD
बिजली उपभोक्ताओं की उमड़ी भीड़, 3.13 करोड़ जमा
फर्रुखाबाद। बिजली बिल अदा करने के लिए चल रही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने के लिए शनिवार को अवकाश के दिन कैश काउंटरों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। जनपद में 2184 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण करायाजबकि तीन करोड़ 13 लाख रुपये राजस्व जमा किया गया।
शासन से बिल बकाएदारों के लिए एकमुश्त समाधान योजना चल रही है। इसमें 15 मार्च तक पंजीकरण और पंजीकृत उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक ब्याज मुक्त भुगतान जमा करने की छूट दी गई है। पंजीकरण में मात्र दो दिन शेष रह जाने से अवकाश के दिन शनिवार को भी कैश काउंटर खोले गए।
भोलेपुर खंड कार्यालय में 359 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया और 78 लाख रुपये राजस्व जमा किया गया। ग्रामीण खंड कार्यालय में 1075 उपभोक्ताओं के पंजीकरण के साथ डेढ़ करोड़ रुपये राजस्व जमा हुआ। कायमगंज डिवीजन कार्यालय में 750 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। 85 लाख रुपये बिजली बिल जमा किया गया।
अधिशासी अभियंता नगरीय खंड आरबी यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं को योजना का लाभ देने के लिए रविवार को भी सभी कैश काउंटर खोले जाएंगे। बिजली बिल जमा होने के साथ उनके पंजीकरण भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक जिन उपभोक्ताओं का पंजीकरण हो जाएगा, वह 31 मार्च तक अपना बिल अदा कर सकते हैं।