फर्रुखाबाद सीमांत किसानों की आय में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना शुरू की गई है। तीन वर्ष की इस परियोजना में मनरेगा के अनुदान से किसान अपने खेतों में बगिया लगा सकेंगे। सभी सात ब्लाकों में 55 हेक्टेयर भूमि पर बाग लगाने का लक्ष्य है। इसमें 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च किया जाएगा।
मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना के तहत उद्यान विभाग से जिले के सभी सात ब्लाकों में 55 हक्टेयर भूमि पर अमरूद, संतरा, किन्नो, आड़ूू व नीबू की बगिया लगाई जाएगी। इसका लाभ इच्छुक लघु व सीमांत किसानों को मिलेगा। 1,18,385 रुपये प्रति हेक्टेयर आने वाला खर्च मनरेगा के तहत किसानों को अनुदान दिया जाएगा।
फलदार बाग से किसानों की आय बढ़ेगी। वहीं पौधे लगाने से अनुरक्षण में तीन वर्ष तक श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। इसमें प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर काम देने का आदेश हैं। पौधे लगाने में यदि किसान खुद ही मेहनत करते हैं तो श्रमिकों की धनराशि भी उन्हीं को दी जाएगी।
तीन वर्ष की इस परियोजना पर कुल 65 लाख 11 हजार 175 रुपये में 65.37 फीसद मजदूरी, जबकि 34.63 फीसद सामग्री पर खर्च निर्धारित किया गया है। पहले वर्ष पौधरोपण पर 38 लाख 43 हजार 235 रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष धनराशि दूसरे व तीसरे वर्ष में अनुरक्षण पर खर्च होगी।