बाइक सवार चाचा-भतीजे को गांव लखौरा के पास वैन ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ये जनपद फर्रुखाबाद के रहने वाले थे। वे पुत्री की शादी के लिए लड़का देखने आए थे।
जाजपुर गोबा(जलापुर) निवासी शैलेंद्र सिंह(65) अपने भतीजे बाबूराम (30) के साथ बेटी के लिए लड़का देखने गए थे। वे थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में रह रहे दामाद के घर आए थे। सोमवार शाम करीब चार बजे शैलेंद्र भतीजे के साथ दामाद राजू की बाइक लेकर नगला देशी जा रहे थे। बाइक जब लखौरा-औंछा मार्ग पर गांव अलूपुरा के पास पहुंची, तभी बिजली घर के सामने मारुति वैन ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि चाचा-भतीजे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वैन भी सड़क किनारे खाई में घुस गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटती देख चालक भी गाड़ी छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शैलेंद्र के परिवार में एक बेटा गोरेलाल यादव व तीन बेटियां है। एक की शादी हो चुकी है। प्रीती व रीति की शादी नहीं हुई है। प्रीती के लिए लड़का देखने गए थे। बाबूराम के दो बेटे अंश(3) व आर्यन(6माह) हैं। पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाबूराम की बराकेेशव गांव में कीटनाशक दवा की दुकान है। शैलेंद्र खेेती करते थे। सूचना पर परिवार के लोग मैनपुरी रवाना हो गए।