एक नवविवाहिता ने पति, देवर समेत चार ससुरालीजनों को नशीला खाना खिला कर
बेहोश कर दिया। इसके बाद घर से नगदी और जेवर लेकर चंपत हो गई। बेहोश लोगों
को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसओ अस्पताल पहुंचे। थाना
मऊदरवाजा इलाके के गांव गढू़ की मढ़ैया नीवलपुर निवासी भाइयालाल कुशवाहा
ने 30 अप्रैल को बेटे पंकज की शादी जिला शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के गांव
बरुआ पेहना निवासी नरेंद्र सिंह की बेटी प्रीति के
साथ की थी। शादी के
तीसरे दिन प्रीति चौथी में मायके चली गई। इसके एक सप्ताह बाद पंकज उसे विदा
करा लाया था। तबसे वह ससुराल में ही थी। शुक्रवार की सुबह उसके ससुर
भाइयालाल और सास गीतादेवी अपने सबसे छोटे बेटे सोनू को लेकर जिला कन्नौज
थाना गुरसहायगंज के गांव सरैया चले गए थे। घर पर प्रीति के अलावा उसका पति
पंकज (23), देवर शिवम (14), पवित्र (10) और ननद बहन सोनी (19) थे। शुक्रवार
की रात 8 बजे प्रीति ने भिंडी की सब्जी और
रोटी बनाई। उसने सभी को खाना
खिलाया। सोनी ने भाभी से साथ खाना खाने को कहा तो उसने हंसकर मना कर दिया।
कहा कि वह बाद में खा लेगी। खाना खाकर पंकज और परिवार के सभी सदस्य बेहोश
हो गए। सुबह पंकज को कुछ होश आया तो वह घर के बाहर आकर बैठ गया। उसे बदहवास
देख पास में ही रहे चचेरे भाई श्याम सिंह के अलावा परिवार के अन्य लोग भी आ
गए। ये घर के अंदर पहुंचे तोे पंकज के भाई बहन अर्द्धबेहोशी की हालत में
थे।
कमरे की अलमारी खुली थी। इसमें से सारा सामान गायब था। इन्होंने प्रीति
को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। घर में तलाश की गई तो पूरा माजरा समझ
में आ गया। प्रीति गायब थी। श्याम सिंह ने सभी को लोहिया अस्पताल में
भर्ती कराया। सूचना पर पंकज के पिता भइयालाल भी अस्पताल पहुंच गए। घटना की
जानकारी होने पर
एसओ सुनील यादव ने अस्पताल पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की।
परिजनों का कहना था कि प्रीती ने सभी को नशीला खाना खिला दिया । वह 50
हजार रुपये और 70 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई।
मायके नहीं पहुंची प्रीती
ससुरालीजनों
ने प्रीति के मायके में पता किया तो पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची
है। दोपहर तक उसके मायके से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा था। परिजनों ने
बताया कि प्रीति पति के दो मोबाइल भी ले गई। इन नंबरों पर कई बार क ॉल की
गई लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद ये बंद हो गए। एसओ सुनील यादव ने बताया
कि मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगा कर मामले की जांच की जाएगी। अभी
तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।