कायमगंज में बाइक सवार लुटेरों ने बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहीं दो
महिलाओं से दिनदहाड़े 55 हजार रुपये की नकदी लूट ली। महिलाओं ने कोतवाली
में सूचना दी। दोनों वारदातें मंडी चौकी इलाके में हुई हैं। गांव जौंरा
निवासी शेखर अपनी पत्नी निर्मला को मिले लोहिया आवास की किश्त के 35 हजार
रुपये बैंक आफ इंडिया की शाखा से निकालकर साइकिल से गांव जा रहे थे। कंपिल
रोड पर मेंहदियावली की मजार के पास लगे हैंडपंप पर यह पानी पीने लगे।
निर्मला रुपयों का थैला लेकर
साइकिल के पास खड़ी थी। तभी काली पल्सर पर
सवार दो युवक पहुंचे और निर्मला से थैला छीन लिया। इसके बाद कंपिल की ओर
भाग निकले। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। पुलिस घटना की
जांच का मंसूबा बना ही रही थी कि घसिया चिलौैली गांव में बाइक सवारों ने
दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। चिलौली निवासी दिनेश गंगवार की पत्नी सरला
बैंक
ऑफ इंडिया की शाखा से 31 हजार रुपये निकाल कर घर लौट रही थीं।
इन्होंने 20 हजार रुपये थैले में रख लिए, 11 हजार रुपये अलग निकाल लिए।
सरला घर जाने लगी। घर से चंद कदमों की दूरी पर एक बाइक पर आए दो युवकों ने
इनसे थैला छीन लिया । यह वारदात कर बाईपास की ओर भाग निकले। दिन दहाड़े एक
ही समय में मंडी चौकी क्षेत्र में घटी दो लूट की वारदातों से लोग दहशत में
हैं।