जुआ में दो लाख रुपए जीतने के बाद जुआरियों ने युवक को मारपीट कर मरणासन्न अवस्था में रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। बेहोशी हालत में युवक का हाथ पटरी पर और पूरा शरीर पटरी के बीच में पड़ा रहा। इससे युवक का हाथ कट गया
घायल अवस्था में युवक को परिजनों ने कानपुर में भर्ती करवाया। कसबा इंचार्ज युवक के ट्रेन की चपेट में आकर घायल होने की बात कह रहे हैं। कसबा के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी अशोक गुप्ता ने बताया कि उसका बेटा शिवम गुप्ता उर्फ भोला रविवार रात बाजार गया था। इसी दौरान कमालगंज कसबे में हो रहे जुआ में उसने दो लाख रुपए जीत लिए थे।
रुपये जीतने के बाद कुछ युवकों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और रुपये छीन लिए। इसके बाद युवकों ने भोला से मारपीट की। भोला के सिर पर वजनदार वस्तु से वार किया गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोर्टें आइं। दांत टूटे और शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं।
युवकों ने भोला को मरणासन्न अवस्था में महरुपुर रावी के पास रेलवे केबिन के नीचे रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। मरणासन्न अवस्था में भोला ट्रैक के बीच में आ गया और उसका हाथ पटरी पर रहा। इस दौरान फर्रुखाबाद से कानपुर की तरफ जाने वाली ट्रेन भोला के ऊपर से गुजर गई।
हाथ पटरी पर होने के कारण उसका हाथ कट गया। घायल अवस्था में भोला रेलवे रोड जैसे-तैसे पहुंचा। घटना की सूचना पर पहुंचे कसबा इंचार्ज केके गौतम ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती करवाया। हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे कानपुर ले गए।
घायल के पिता ने बताया कि होश में आने पर उसने बताया कि कसबे में एक जगह हो रहे जुआ में वह दो लाख रुपए जीत गया था। इस पर वहां मौजूद रोहित, निहाल, अरुण , दिन्नी विशभनोई व दो लोग अज्ञात ने मारपीट कर दो लाख रुपये छीन लिए। मरणासन्न अवस्था में उसे रेलवे ट्रैक पर डाल दिया।
थानाध्यक्ष सुनील यादव ने बताया मामला जीआरपी का है। उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। फतेहगढ़ जीआरपी प्रभारी सत्य प्रकाश से जब घटना के बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि न तो उन्हें स्टेशन से कोई जानकारी मिली और न ही कोई मेमो भेजा गया। पूरा मामला स्थानीय पुलिस की जानकारी में है।