नशेड़ी युवक की ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई। शहर के मोहल्ला लालसराय में टंकी के सामने नलकूप है। इसकी कोठरी में ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे एक अज्ञात युवक भांग के नशे में ट्रांसफार्मर की कोठरी में पहुंच गया। इसमें उतर रहे करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। जब आसपास के दुकानदारों ने युवक के शव को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर घुमना चौकी प्रभारी रामप्रकाश मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास 20 रुपये और मुनक्का (भांग की गोली) बरामद हुई। दरोगा का मानना है कि भांग के नशे में होने के कारण युवक की उसमें चिपक कर मौत हो गई। युवक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के लोगों को बुलाया गया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। उधर, शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा नुक्कड़ पर अज्ञात युवक के पड़े होने की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जब उसे उठाया तो उसे कुछ होश आ गया। इस पर उसे एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर राजेश तिवारी ने बताया कि युवक शराब के नशे में पड़ा हुआ था। इस कारण वह अपना नाम पता नहीं पता पाया।