अलग-अलग स्थानों पर जमीन पर कब्जे, बच्चों के विवाद और उधारी को लेकर लोगों
में झगड़े हुए। इसमें कई लोग घायल हो गए। घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई
है। कुछ मामलों में सूचना दर्ज कराई गई है। थाना मेरापुर के गांव बिजौरी
निवासी प्रेमचंद्र राजपूत का अपने छोटे भाई सुरेंद्र सिंह से विवाद चल रहा
है। इसको लेकर शनिवार की सुबह इनमें कहासुनी
हो गई। इस पर सुरेंद्र ने
प्रेमचंद्र को पीटना शुरू कर दिया। बचाने पर प्रेमचंद्र की पत्नी को भी पीट
दिया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी ने घायल को नवाबगंज
सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां मौजूद डाक्टर ने घायल का मेडिकल किए
बिना ही लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डा. ब्रजेश सिंह ने मेडिकल कर
उसे भर्ती कर लिया।
घायल ने बताया कि भाई उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता
है। मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी गई।
उधर, मोहल्ला खैराती खां
निवासी बकारफतमा पत्नी साहिबे आलम का देवर खलीद से बच्चों को लेकर विवाद हो
गया था। इस पर देवर ने उसे पीट दिया। पुलिस ने महिला का लोहिया अस्पताल
में मेडिकल कराया। वहीं थाना राजेपुर के गांव
बमियारी निवासी बेचेलाल का
गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इसको लेकर हमलावरों ने शुक्रवार
की शाम बेचेलाल को लाठियों से पीट दिया। सूचना पर आई पुलिस ने घायल को
लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, थाना मऊदरवाजा इलाके की कांशीराम
कालोनी हैवतपुर गढ़िया निवासी मनोज कुमार का कालोनी के शीलू से विवाद हो
गया।
शीलू और उसके साथियों ने उसे पीट दिया। बचाने पर मनोज की पत्नी को भी
पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शीलू व संतराम के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर
ली है। मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव
करनपुर निवासी अजय पाल की पत्नी रजनी देवी ने गांव के ही निक्कू, बिक्कू व
रमेश पर एनसीआर दर्ज कराई है। आरोप है कि
उन्होंने निक्कू से उधारी के
रुपये मांगे। इसी से नाराज होकर निक्कू, बिक्कू और रमेश कुमार ने उसे
लाठीडंडों से पीट दिया। पुलिस ने घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में
मेडिकल करवाया।