सीएचसी में रोगी की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टर पर आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन लगाने से वृद्ध की मौत हुई है। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला चिलांका निवासी असलम (60) की बुधवार सुबह अचानक तबियत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए डॉ. शिवप्रकाश ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। उसी दौरान असलम की मौत हो गई। असलम की मौत की खबर सुनकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने चिकित्सक पर आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन लगाने से मौत हुई है। सीएचसी में हंगामे की सूचना पर एसडीएम अजीत सिंह व कोतवाल अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर की गलती से मौत हुई है तो शव का पोस्टमार्टम करवाएं। मृतक के परिजनों ने आर्थिक सहायता दिलवाए जाने की मांग की। एसडीएम के आश्वासन देने पर परिजन शव लेकर घर चले गए। एसडीएम ने बताया कि असलम को हार्टअटैक पड़ा था। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर किया था लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
छत से गिरकर घायल
कायमगंज। थाना क्षेत्र अलीगंज के गांव मोहम्मदनगर बझेरा निवासी ब्रजेश की पत्नी उर्मिला देवी मंगलवार रात छत से उतर रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर घायल हो गईं। परिजनों ने उर्मिला देवी को सीएचसी में भर्ती कराया।
जंगली जानवर के हमले से घायल
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव नरैनामऊ निवासी ब्रजभान अपने खेत में काम कर रहा था, तभी उसके ऊपर जंगली जानवर ने हमला बोल दिया, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
दो ने पीया जहरीला पदार्थ
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी सुग्रीव ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं नगर क्षेत्र के रेलवे रोड नई कॉलोनी निवासी देवेंद्र ने भी संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे भी सीएचसी में भर्ती कराया।