मकान की कुंडी तोड़ कर चोर शुक्रवार की रात डेढ़ लाख के जेवर और नगदी लेकर
फरार हो गए। सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस काफी देर बाद पहुंची। तहरीर
देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मालूम हो कि रात में बिजली कटौती
चोरों के लिए वरदान साबित हो रही है।
मोहल्ला बाग रुस्तम निवासी साबिर
हुसैन जरदोजी कारीगर हैं। वह शुक्रवार की रात परिवार के साथ घर पर सो रहे
थे। रात किसी समय चोर मेन गेट की कुंडी तोड़ कर अंदर घुस गए। चोरों ने मकान
के कमरे में लगे तालों को भी तोड़ दिया। इसके बाद बक्सों और अटैचियों को
खोल कर उसमें से नगदी और अन्य सामान पार कर दिया। अलमारी तोड़ कर चोर
सोने-चांदी के
जेवर और नगदी भी ले गए। शनिवार की सुबह जगने पर साबिर हुसैन
को घटना का पता लगा। सूचना मिलने पर कई घंटे बाद मौके पर पहुंची कोतवाली
पुलिस जांच पड़ताल कर लौट गई। साबिर हुसैन ने बताया कि चोर करीब एक लाख के
जेवर और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। लोगों ने बताया कि रात के समय बिजली
की कटौती से जहां लोगों का जीना दुश्वार हो गया है, वहीं चोरों की पौ बारह
है। गश्त के नाम पर पुलिस भी केवल खानापूरी ही कर रही है।
दुकान का शटर उचकाकर हजारों की चोरी
मोहम्मदाबाद के गांव मौधा निवासी चंद्रजीत सिंह की गांव में ही परचून की दुकान है।
शुक्रवार रात चोरों ने शटर उचकाकर दुकान से नगदी, रिचार्ज कूपन और परचून का
सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह चंद्रजीत सिंह दुकान खोलने आए तो उन्हें
शटर उचका मिला। शक होने पर चंद्रजीत ने गांव के ही पवन कुमार को पकड़ लिया
और कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तलाशी में पवन के पास से एक हजार
रुपये नगद, साबुन, बिस्कुट के पैकेट और गुटखा बरामद हुआ। चंद्रजीत
ने पवन
कुमार के खिलाफ तहरीर दी है। चंद्रजीत ने बताया कि दुकान से 15 हजार रुपये,
करीब 20 हजार के रिचार्ज कूपन और करीब 7 हजार रुपये का परचून का सामान
चोरी गया है। कोतवाल केवी सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद रिपोर्ट
दर्ज की जाएगी।