एएसपी से घटना की जानकारी लेते पुलिस अधीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर के घर में गुरुवार दिनदहाड़े घुसे बदमाशों ने लाखों की लूटपाट की। गृहस्वामी को परिवार सहित बंधक बनाकर पीटा। लूटपाट के बाद पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर भाग गए।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला लोको रोड मसेनी विद्यावती स्कूल के पास रिटायर्ड सूबेदार मेजर कुनेंद्र पाल सिंह का मकान है। गुरुवार को वह पत्नी उषा राठौर, बेटी कल्पना चौहान तथा साले के पुत्र हरदोई के सवायजपुर निवासी ज्ञानू सिंह के साथ बैठे थे। लगभग 11.25 बजे किसी ने दरवाजे की कुंडी खटकाई। इस पर कुनेंद्र ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही तीन अपरिचित अंदर घुस गए।
कुनेंद्र और उनकी बेटी ने विरोध किया तो बदमाशों ने पंच मारकर घायल कर दिया । बैग से रिवाल्वर निकालकर चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी शोरशराबा किया तो जान से मार देंगे। यह देख परिवार के सभी लोग घबरा गए। बदमाश पूरे परिवार को एक कमरे में ले गए और जमकर पीटा। कल्पना के पुत्र अर्णव को जान से मारने के लिए गन प्वाइंट पर ले लिया। इससे घबराई कल्पना ने अलमारी का लॉक तोड़कर सामान ले जाने की बात कह दी।
बदमाशों ने अलमारी में रखे 1.80 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के कीमती जेवर लूट लिए। जाते समय परिवार के सभी लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया। उनके जाने के बाद कल्पना ने खिड़की खोलकर शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे और उन्हें कमरे से बाहर निकाला। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी राजेश कृष्ण ने दावा किया है कि घटना का खुलासा अतिशीघ्र कर दिया जाएगा।