धागा काटने के लिए गई महिला की कारखाना में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी मां की हत्या कर शव को कारखाना के बाहर रखवा दिया गया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पलरिया निवासी श्यामसुंदर मिश्र की बेवा सरोज देवी मोहल्ला सधवाड़ा स्थित एक कारखाना में धागा कटाने का काम करती है। मंगलवार सुबह वह काम करने के लिए गई थी। शाम को सरोज देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद कारखाना मालिक ने उसके शव को अंदर से उठाकर बाहर रखवा दिया।
इसके बाद महिला के परिजनों को फोन से जानकारी दी गई। मृतक के बेटे शिवम ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की और शव को लोहिया अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। बुधवार को मृतक के बेटे सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि उसकी मां को कोई बीमारी नहीं थी। उसने उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
सुरेंद्र जयपुर में नौकरी करता है। उसने आरोप लगाया कि मां की हत्या के बाद शव को कारखाना के बाहर रखवा दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।