सवारी का इंतजार कर रही शिक्षिका से बाइक पर सवार दो लुटेरेे तमंचा लगा सोने की चेन तोड़ ले गए। दिनदहाड़े लूट की घटना से सनसनी फैल गई। शिक्षिका ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बढ़पुर निवासी सुलेखा राजपूत पत्नी अखिलेश मोहम्मदाबाद के सकवाई कन्या प्राइमरी पाठशाला में सहायक शिक्षिका है। शनिवार को वह सवारी का इंतजार सड़क पर बने प्रतीक्षालय में कर रही थी। उसके साथ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोजनी भी थी। इस बीच काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो लुटेरों ने बाइक रोकी।
पलक झपकते ही तमंचा निकाल कर शिक्षिका के ऊपर तान दिया। तमंचा देखकर सरोजनी वहां से भाग निकली। इस दौरान लुटेरों ने महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली। लुटेरे मोहम्मदाबाद की ओर भाग गए। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।